श्रीगंगानगर , मई 30 -- राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में शनिवार को आंधी औरर तेज हवाएं चलने से तापमान में कुछ गिरावट आयी।
श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तान की तरफ से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से रेत का बवंडर उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में दिन में अंधेरा छा गया। आंधी के साथ घने गर्द-गुबार ने दृश्यता शून्य कर दी। पूर्वाह्न करीब 11 बजे अचानक हवा का रुख बदलते ही तेज आंधी और धूल भरी आँधियाँ चलीं। पंजाब और पाकिस्तान सीमा की ओर से आई इन हवाओं ने सारा वातावरण धूल से भर दिया। आंधी इतनी तेज थी कि आसमान में सूरज भी छिपता नजर आया।आंधी के बाद ठंडी और सुहानी हवाएँ चलने लगीं। पंजाब में हुई बारिश और ओलावृष्टि का ठंडा प्रभाव श्रीगंगानगर तक पहुँच गया। जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। इससे तापमान में अचानक 10 डिग्री की गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 36.04 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कल की तुलना में 10 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने जिले में अगले कुछ घंटे में वर्षा की संभावना जताई है। किसान और आम लोग लगातार गर्मी के बीच बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जो फसलों के लिए राहत लेकर आ सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित