भुवनेश्वर , अक्टूबर 24 -- ओडिशा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने राज्य के कटक जिले के नराज में प्रस्तावित 1.04 लाख करोड़ रुपये की हाई डेंसिटी डेटा सेंटर लिमिटेड परियोजना पर चिंता जताई है। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी दस्तावेजों, समझौतों और सरकार द्वारा दी जाने वाली रियायतों के विवरण को सार्वजनिक करने का आग्रह किया है।
श्री जेना ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को लिखे एक पत्र में एक गीगावाट क्षमता वाले इस प्रस्तावित डेटा सेंटर के लिए भारी मात्रा में बिजली और पानी की जरूरत, रोजगार की संभावनाओं, पर्यावरण पर पड़ने वाले असर और परियोजना को दिए जाने वाले प्रोत्साहनों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने उन शर्तों और नियमों का पूरा खुलासा करने की मांग की है, जिनके तहत यह निवेश लागू किया जाएगा। यह परियोजना उन 27 निवेश प्रस्तावों में से एक है, जिनकी कुल कीमत 2.47 लाख करोड़ रुपये है। इन्हें 23 सितंबर, 2026 को उच्च स्तरीय अनापत्ति प्राधिकरण (एचएलसीए) की 46वीं बैठक में मंजूरी दी गई थी। यह मंजूरी मुख्यमंत्री की अबू धाबी यात्रा के बाद मिली थी। श्री जेना ने परियोजना के समझौता ज्ञापन (एमओयू), एचएलसीए बैठक के विस्तृत मिनट्स (कार्यवृत्त), इससे जुड़े समझौतों और बिजली व पानी की आपूर्ति की प्रस्तावित व्यवस्थाओं को सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने पर्यावरण संबंधी आकलन, टैक्स में छूट और कंपनी को दी जाने वाली अन्य रियायतों का विवरण भी मांगा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित