श्रीगंगानगर , अप्रैल 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरनपुर सेक्टर में रविवार की अप्रैल की रात सीमा सुरक्ष बल (बीएसएफ) की चक 3-एफसी बॉर्डर ऑब्जर्वेशन पोस्ट (बीओपी) के अधीन चक 1-एफसी के एक खेत में एक बैग से दो किलो 340 ग्राम हेरोइन के तीन पैकेट तथा अन्य सामान बरामद होने की घटना में पुलिस को आज महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि इस मामले में दर्ज मुकदमे की गहन जांच-पड़ताल के दौरान समेजा कोठी थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर कृष्णकुमार और उनकी टीम ने चार भारतीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी गुरचरण सिंह उर्फ राजू (28) पुत्र होशियार सिंह निवासी रामपुर राईया, राजेंद्र सिंह उर्फ जिंदर (25) पुत्र मलकीत सिंह निवासी बिटला थाना मेंहतपुर, मनदीप सिंह उर्फ मनी (23)पुत्र लालसिंह निवासी रायपुर गुजरा तहसील नकोदर जिला जालंधर तथा नरेंद्र सिंह उर्फ काका (21) पुत्र छिंद्र सिंह निवासी चक बरोका तहसील जलालाबाद जिला फाजिल्का पंजाब हैं। पुलिस ने इन तस्करों द्वारा तस्करी में इस्तेमाल की गयी एक क्रेटा गाड़ी भी जब्त कर ली है।

विगत 5-6 अप्रैल की रात को बीएसएफ की उक्त बॉर्डर पोस्ट के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अतुल शर्मा ने अपनीटीम के साथ एंबुश/ गश्त के दौरान खेत में एक बैग और अन्य सामान संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। बैग मेंतीन पैकेट मिले, जिनमें कुल 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी सूचना पर श्रीकरनपुर थाना में सब-इंस्पेक्टर माला सिंह की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ये पंजाब के तस्कर श्रीकरनपुर इलाके में स्थानीय संपर्क सूत्रों के माध्यम से हेरोइन की खेप उठाने आये थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हेरोइन पंजाब में आगे किन बड़े तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित