श्रावस्ती , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में तैनात एलआईयू इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार यादव की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार यादव सुबह मॉर्निंग वॉक के लिये घर से निकले जहां से लौटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी से पानी मांगा। जैसे ही पत्नी पानी का गिलास पत्नी ने हाथ में पकड़ाया इसी दौरान पानी का गिलास उनके हाथ से छूट कर नीचे गिर गया और वह अचानक अचेत होकर खुद भी गिर पड़े।इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इंस्पेक्टर की अचानक मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। श्रावस्ती पुलिस ने बताया कि मूल रूप से गाजीपुर जिले के निवासी शैलेंद्र कुमार यादव श्रावस्ती में एलआईयू इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे।उनकी पत्नी सीमा देवी ने भिनगा कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है,जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित