श्रावस्ती , जुलाई 3 -- उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती जिले के नवीन मार्डन थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग बौद्ध परिपथ पर दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद लकड़ी से लदे ट्रक का माल सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे एक परिवार पर गिरने से दंपती और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसा नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के खरगौरा बस्ती स्थित विजयी पुरवा के निकट शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। लकड़ी से लदा एक ट्रक और शीतल पेय से भरा दूसरा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लकड़ी से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी लकड़ियां सड़क किनारे घर के बाहर चारपाई पर सो रहे लोगों पर जा गिरीं।
दुर्घटना में विजयी पुरवा निवासी अरुण कुमार पांडे उर्फ पिंटू (32), उनकी पत्नी सीमा पांडे (30) तथा 13 वर्षीय पुत्र पीयूष पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक वाहन में ही फंस गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक खलासी भी गंभीर रूप से घायल हुआ।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी निरीक्षक जयहरि मिश्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों में फंसे दोनों चालकों के शव बाहर निकलवाए। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार अथवा वाहन नियंत्रण खोना मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित