श्रावस्ती , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने के दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मामले में पुलिस ने बिकी झा को गिरफ्तार किया, जिसने फर्जी फर्मों के माध्यम से करीब 28.45 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाकर लगभग 6.22 करोड़ रुपये की कर चोरी की। जांच में पाया गया कि आरोपी ने बिना वास्तविक लेन-देन के जीएसटी रिटर्न दाखिल कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया। उसके कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वहीं गिलौला थाना क्षेत्र के मामले में पुलिस ने पंजाब के लुधियाना निवासी जसदिल सिंह को करीब 59.72 लाख रुपये की जीएसटी चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी ने "श्री राम इंटरप्राइजेज" के नाम से फर्जी रिटर्न दाखिल कर 3.31 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाई थी।
दोनों मामलों में सहायक आयुक्त राज्य कर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित