वाराणसी , जुलाई 17 -- आगामी श्रावण मास के दौरान वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित बढ़ी हुई भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक बी.के. यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को वाराणसी जंक्शन पर समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य श्रावण मास के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करना तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करना था। बैठक में स्टेशन परिसर एवं उसके आसपास चल रहे विभिन्न विकास और प्रबंधन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इसके साथ ही संभावित होल्डिंग एरिया की व्यवस्था, विशेष रेलगाड़ियों के संचालन, अतिरिक्त वाणिज्य एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों की तैनाती, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, यात्री मार्गदर्शन, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्री यादव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। बैठक में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) रॉकी तुहर, सहायक विद्युत अभियंता (निर्माण) अशोक पासवान, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय, सहायक विद्युत अभियंता संकल्प उपाध्याय, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक संदीप यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित