वाराणसी , जुलाई 7 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रावण मास के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने काशी विश्वनाथ धाम तथा वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन एवं रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, खोया-पाया केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन तथा निःशुल्क लॉकर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लाइफ जैकेट के अनिवार्य उपयोग, सीसीटीवी से सतत निगरानी तथा जल पुलिस की सक्रिय तैनाती के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मैदागिन से गोदौलिया के बीच लगाए गए बैरिकेड्स को दुरुस्त करने तथा जर्जर भवनों के आसपास विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में पूरे महीने भारी भीड़ रहती है, इसलिए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। मंदिर व्यवस्था में तैनात कार्मिकों की ड्यूटी में समय-समय पर बदलाव किया जाए, ताकि वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ किसी प्रकार की अनियमितता या ठगी न हो। उन्होंने होटलों, रेस्तरां और बस अड्डों पर मनमाना शुल्क वसूले जाने पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित