फिरोजाबाद , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांवड़ यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी संतोष कुमार ने सोमवार को बताया कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति, पुलिस अधिकारियों तथा थाना स्तर पर बैठकें आयोजित की गई हैं। इसके अलावा कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं और डीजे संचालकों के साथ समन्वय बैठक कर यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौजूद सभी बाधाओं को समय रहते दूर करने तथा सड़कें गड्ढामुक्त कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्गों पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों के यातायात को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर रही हैं तथा सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से शांति, सौहार्द तथा यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित