उज्जैन , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में आगामी श्रावण-भादौ मास के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने मंदिर परिसर तथा आसपास संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, हरसिद्धि-बड़ा गणेश मार्ग, महाराजवाड़ा के सामने, मंदिर के सामने प्रस्तावित 30 मीटर सड़क, महाकाल महालोक और अवंतिका द्वार सहित विभिन्न स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रावण-भादौ मास की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए दर्शन व्यवस्था, जूता स्टैंड, क्लॉक रूम, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, आवागमन तथा अन्य श्रद्धालु सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित रखने के निर्देश दिए गए।
प्रथम कौशिक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से श्रावण-भादौ मास प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित