उज्जैन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। शाम छह बजे तक 4 लाख 41 हजार 877 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। रात्रि तक श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सूत्रों ने बताया कि श्रावण के पहले सोमवार को प्रातःकाल से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। हेड काउंटिंग के अनुसार दोपहर 12 बजे तक ही 2 लाख 90 हजार 797 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना लगातार जारी रहा।

मंदिर प्रबंध समिति, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक इंतजामों के कारण भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा कतार व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे।

समिति के अनुसार वर्ष 2025 के पूरे श्रावण मास में लगभग ढाई करोड़ श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए थे। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित