पौड़ी , जुलाई 04 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी कड़ी में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर तक संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी पंवार ने निरीक्षण के दौरान गरुड़चट्टी, फूलचट्टी, रत्तापानी, पीपलकोटी, जिला परिषद बैरियर तथा टैक्सी यूनियन बैरियर सहित विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने तथा प्रत्येक गतिविधि की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए श्री पंवार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सुदृढ़ बैरिकेडिंग, प्रभावी यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों, याताया मार्ग परिवर्तन, पैदल एवं वाहन मार्गों के पृथक्करण, आपातकालीन निकासी मार्ग, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं तथा राहत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित