पटना , मई 21 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवरियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिये। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक भी जुड़े रहे।

बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था का संधारण, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, साफ- सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था, टेंट, पंडाल, जलापूर्ति, सी०सी०टी०वी०, अग्निशमन आदि व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां पूरी गंभीरता और बेहतर समन्वय के साथ करें। उन्होंने कहा कि मेला व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के सभी पहलुओं पर ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित