नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने यहां श्रमेव जयते भवन में ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के लिए समाधान पोर्टल 2.0 पर जागरूकता सत्र आयोजित किया।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिक संगठनों को डिजिटल श्रम प्रशासन और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली से परिचित कराना था, ताकि श्रमिकों को पारदर्शी और त्वरित सेवाएं मिल सकें।

इस दौरान मुख्यालय के उप मुख्य श्रम आयुक्त एस. के. साहू ने डिजिटल तकनीक आधारित श्रम प्रशासन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से श्रमिकों की शिकायतों का अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा में ट्रेड यूनियनों की महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया।

तकनीकी सत्र का संचालन क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कुमार अमृतेश ने किया। उन्होंने समाधान पोर्टल 2.0 का विस्तृत प्रदर्शन करते हुए बताया कि पोर्टल के माध्यम से औद्योगिक विवादों की ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है, नये श्रम संहिताओं के तहत विभिन्न दावे प्रस्तुत किये जा सकते हैं तथा शिकायतों की प्रगति की रियल-टाइम ऑनलाइन निगरानी भी की जा सकती है। इससे श्रमिकों और अन्य हितधारकों को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में 30 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें इंटक, एटक, हिंद मजदूर सभा, भारतीय मजदूर संघ, सीटू और एआईसीसीटीयू सहित विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियन संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित