गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 28 -- स्वस्थ श्रमिक, सशक्त उद्योग और समृद्ध राष्ट्र की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए कृत संकल्पित है, और इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। श्रमिक दिवस 01 मई के अवसर पर गौतमबुद्धनगर जिला में एक विशेष महा मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रमिकों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में 24 अप्रैल से 01 मई तक 25 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल श्रमिकों को उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए अधिकतम अवसर प्रदान करेगी।

मंगलवार को औद्योगिक इकाइयों में भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि,स्वस्थ श्रमिक, सशक्त उद्योग और समृद्ध राष्ट्र की दिशा में प्रदेश सरकार के संकल्प को जिले में धरातल पर उचित कार्य करते हुए जारी दिशा निर्देशों का पालन कर रही , उन्होंने कहा कि श्रमिक दिवस के मौके पर, 01 मई को जिले भर के सभी सरकारी अस्पतालों और 31 निजी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें श्रमिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, 300 से अधिक स्वास्थ्य शिविर औद्योगिक इकाइयों में लगाए जाएंगे, ताकि श्रमिकों को उनकी सुविधा के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री आरोग्य रथ व मोबाइल मेडिकल वैन सेवाओं का उपयोग करके श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस पहल के तहत टेलीमेडिसिन, डिस्पेंसरी, और एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रमिकों के परिवार सहित स्वास्थ्य जांच करने के लिए सभी स्थानों पर श्रमिक डेस्क और वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे, जिससे श्रमिकों को कोई असुविधा न हो।

इन शिविरों में श्रमिकों को स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा, आयुष्मान कार्ड बनाने जैसे लाभ भी दिए जाएंगे। इसके अलावा, श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा, पोषण और अन्य आवश्यक जानकारी भी प्रदान की जाएगी। विशेष ध्यान दिया जाएगा कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और सेवाओं के बारे में पूरी जानकारी मिले और वे इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में 01 मई को एक वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से जनपद की स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। इनमें 44 स्थानों पर टेलीमेडिसिन सुविधाओं का विस्तार, 79 डिस्पेंसरी/एम्बुलेंस कक्षों की स्थापना और 25 मोबाइल वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ शामिल है।

श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान प्राइमरी स्कूल हल्दौनी और कंपोजिट स्कूल छजारसी का लोकार्पण किया जाएगा, वहीं सीएम कंपोजिट स्कूल, सेक्टर-33, यीडा का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके साथ ही 05 डिजिटल वैन/कौशल विकास बसों का शुभारंभ भी होगा, जिससे श्रमिकों के बच्चों को कौशल विकास और शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित