रायपुर , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के श्रमिकों को शुक्रवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
श्री साव ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत से ही विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही है और श्रम कानूनों में सुधार कर उनके हितों की रक्षा की जा रही है। सुशासन तिहार के आयोजन को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम एक मई से 10 जून तक प्रदेशभर में संचालित होगा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर आम जनता से सीधे संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित