जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के श्रमिकों, कामगारों, कारीगरों एवं मेहनतकश नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि इनके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए।

श्री देवनानी ने कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक प्रगति का प्रमुख आधार होता है। खेत-खलिहानों से लेकर कारखानों, निर्माण स्थलों, उद्योगों एवं सेवा क्षेत्र तक, श्रमिकों का अथक परिश्रम राष्ट्र निर्माण की धुरी है। उनके बिना विकास की कल्पना अधूरी है।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि श्रमिकों के अधिकारों, उनके सम्मान, सुरक्षित कार्य-परिस्थितियों तथा सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन हमें श्रमिकों के संघर्ष, उनके योगदान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के संकल्प की याद दिलाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित