पटना , मई 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। श्री सरावगी ने आज अपने संदेश में कहा कि भारत के विकास की नींव श्रमिकों के परिश्रम और समर्पण पर टिकी है। चाहे वह निर्माण कार्य हो, उद्योग-धंधे हों, खेती-किसानी हो या सेवा क्षेत्र,हर जगह श्रमिकों की भूमिका केंद्रीय और निर्णायक है।उन्होंने कहा कि "श्रमिक वर्ग न केवल देश की अर्थव्यवस्था को गति देता है, बल्कि सामाजिक संरचना को भी मजबूत करता है। उनका परिश्रम ही भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।"भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने श्रमिकों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें श्रम कानूनों का सरलीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास शामिल हैं। इन पहल से श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों के सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आज श्रमिक केवल विकास के भागीदार ही नहीं, बल्कि 'नया भारत' के निर्माण के प्रमुख स्तंभ बन चुके हैं।
श्री सरावगी ने इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों से श्रमिकों के योगदान का सम्मान करने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक रहने की अपील की,साथ ही "श्रम का सम्मान, राष्ट्र का उत्थान" के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित