मुंबई , सितंबर 07 -- 'सेक्रेड गेम्स' फेम अभिनेत्री कुक्कू यानी कुब्रा सैत ने नाग पंचमी के अवसर पर त्योहार के दौरान सांपों के साथ होने वाली क्रूरता की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है और नागरिकों से वन्यजीवों के प्रति दया भाव रखते हुए अपनी आस्था व्यक्त करने का आग्रह किया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कुब्रा सैत ने नाग पंचमी के दौरान सांपों के साथ किये जाने वाले व्यवहार का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि भक्ति और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी दिखने वाली इस परंपरा के पीछे कभी-कभी जीवों के प्रति क्रूरता का कड़वा सच छुपा होता है।

43 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि नाग पंचमी के दौरान सांपों को पकड़ा जाता है, उन्हें प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किया जाता है और अनुचित परिस्थितियों में रखा जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नाग देवता के प्रति सम्मान केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह जीवित सांपों और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण व सुरक्षा में भी दिखाई देना चाहिए।

कुब्रा सैत ने कहा कि आस्था और करुणा एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि किसी परंपरा से किसी जीव को कष्ट पहुंचता है, तो उस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। प्रकृति और जानवरों के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची भक्ति की पहचान है।

उल्लेखनीय है कि नाग पंचमी सदियों से धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं से जुड़ा एक प्रमुख त्योहार रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित