बैतूल , मई 5 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सोमवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि लगभग 25 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा मोहदा थाना क्षेत्र में खैरा-कुनखेडी हनुमान मंदिर के पास रात करीब 8 बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। सभी लोग भैंसदेही क्षेत्र के गुप्तवाड़ा से पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली के पलटने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि कुछ को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सकों की व्यवस्था भी की गई है।

मृतक की पहचान भोदलाखेड़ा निवासी बुकला (90) के रूप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम भीमपुर में कराया जाएगा। घायलों में कृष्णा (14), रामबाई (50), बीसराम (50) और ईश्वर (24) सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिनमें कुछ को फ्रैक्चर और कुछ को आंतरिक चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित