सारंगढ़ , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ क्षेत्र में श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की भिडंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस और स्थानीय लोगों से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार पिकअप में लगभग 30 से 32 ग्रामीण सवार थे। सभी सारंगढ़ के चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन करने गए थे और दर्शन के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 15 गंभीर घायलों का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

हादसे का शिकार हुए सभी ग्रामीण महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पीड़ित परिवार और ग्रामीण पटेरापली, गाड़ाघाट और बागबाहरा कस्बे के निवासी हैं। ये सभी मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन के लिए चंद्रपुर गए थे और वापसी के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित