नैनीताल , जून 23 -- दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज और शाहबाद एकादश के बीच नैनीताल में आयोजित 100वें अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल 24 जून को शाम 4.30 बजे से खेला जाएगापहले सेमीफाइनल में श्याम लाल कॉलेज की हॉकी टीम ने लखनऊ स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम को शूट आउट मे 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 गोल के साथ बराबर पर रहीं। दूसरे सेमीफाइनल में शाहबाद एकादश ने ऋषि मारकंडे शाहबाद को 7-6 से हराया।
लखनऊ साई की तरफ से 26वें मिनट में शिवम पटेल ने गोल करके 1-0 की बढ़त दिलाई, जबकि श्याम लाल कॉलेज की तरफ से नंद किशोर ने 45वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के द्वारा गोल करके बराबरी कीlइसके बाद शूटआउट में श्याम लाल कॉलेज की तरफ से मोहित, हर्ष और नंद किशोर ने गोल किए जबकि लखनऊ साई की तरफ से सिर्फ गौरव यादव ने गोल किया। इस तरह श्याम लाल कॉलेज ने लखनऊ साई को शूटआउट में 3-1 से हराया। शूटआउट के दौरान श्याम लाल कॉलेज के गोलकीपर मोहम्मद कामिल का प्रदर्शन शानदार रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित