रायपुर , जून 23 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने प्रखर राष्ट्रवादी नेता और शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को लोक भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल डेका ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है तथा उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।

इस दौरान लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित