हरिद्वार , जनवरी 24 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस का नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को थाना श्यामपुर पुलिस ने 11 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में मादक पदार्थों (स्मैक, चरस, गांजा आदि) की तस्करी में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस द्वारा गश्त एवं जांच की जा रही थी। इस दौरान ध्रुव चैरिटेबल अस्पताल से श्यामपुर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान संदिग्ध की पहचान दिनेश कुमार गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता, निवासी ग्राम सर्वोदय नगर, थाना सी.बी.गंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसके कब्जे से 11.00 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

इस संबंध में थाना श्यामपुर मे मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित