पटना , अप्रैल 01 -- बिहार पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार ने बुधवार को कहा कि राज्य की ग्राम पंचायतों में अवस्थित श्मशान घाट या कब्रिस्तान में मृतक की अंत्येष्टि होने पर परिजनों को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सचिव श्री कुमार, की अध्यक्षता में विभागकी ओर से क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति के लिये राज्य के सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त तथा जिला परिषदों के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठकआयोजित की गई।

बैठक में सचिव श्री कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित सात निश्चय - 03 के सबका सम्मान - जीवन आसान निश्चय के तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में अवस्थित श्मशान घाट या कब्रिस्तान में मृतक की अंत्येष्टि होने पर परिजनों को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की तैयारी विभाग ने पूरी कर ली गई है।

सचिव ने मृतक के परिजन को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किया जा सके इसके लिये वार्ड सदस्यों को आवश्यक प्रपत्र (प्रपत्र 02 एवं प्रपत्र 08) शीघ्र प्रदान करने के लिए सचिव पदाधिकारियों को निर्देश दिया। मृत्यु प्रमाण पत्र पंचायत सचिव द्वारा निर्गत किया जाएगा।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये विभाग की ओर से एक पोर्टल विकसित किया गया है जिसमें ग्राम पंचायतों में अवस्थित शवदाह गृह और कब्रिस्तान में हुई अंत्येष्टि की संख्या तथा निर्धारित समय सीमा के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की कार्यवाही का अनुश्रवण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित