पटना , सितंबर 15 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने मंगलवार को कहा कि शौर्य पुरस्कार एवं विशिष्ट सेवा पदक प्राप्त करने वाले सेना और पुलिस के जवान एवं कर्मी समाज, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
राज्यपाल ने आज बिहार लोक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्वारा वीरता एवं अदम्य साहस के लिए शौर्य पुरस्कार से सम्मानित बिहार के भारतीय सेना के अधिकारियों एवं जवानों तथा उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त बिहार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया।
श्री हसनैन ने कहा कि सेना और पुलिस के वीर जवानों के प्रति पूरा देश आभारी है। उनके साहस, समर्पण और देश की सुरक्षा के लिए किए गए योगदान को सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कोई पुरस्कार सेवा के किसी एक खास क्षण में किए गए असाधारण कार्य की पहचान हो सकता है, लेकिन पुरस्कार पाने वाले व्यक्ति का पूरा जीवन समाज के लिए उदाहरण बन जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित