शाहजहांपुर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के सिंधौली थाना क्षेत्र में एक युवती ने कथित रूप से फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर बिजली के खंभे पर चढ़कर तार पकड़ लिया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने मंगलवार को बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। थाना सिंधौली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का दूसरे समुदाय के युवक शान मोहम्मद के साथ प्रेम प्रसंग था।

परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी। आरोप है कि इससे नाराज शान मोहम्मद युवती को लगातार मोबाइल पर धमकी देता था कि वह उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

मृतका के पिता के अनुसार बदनामी के डर से युवती ने अपनी मां से कहा कि वह घर के बाहर कपड़े डालकर वापस आती है। इसके बाद वह घर के बाहर लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गई और नंगे तार को पकड़ लिया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि शान मोहम्मद के मोबाइल में उनकी बेटी के फोटो और वीडियो सुरक्षित थे। साथ ही शान मोहम्मद के रिश्तेदार पप्पू ने भी युवती को दूसरी जगह शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शान मोहम्मद और पप्पू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित