ढाका , अगस्त 26 -- बंलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को काउंटी चैंपियनशिप में केंट के लिए खेलने के लिए 'अनापत्ति प्रमाणपत्र' (एनओसी) नहीं दिया।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार शोरिफुल, हसन महमूद के बाद केंट टीम में शामिल होने वाले थे, लेकिन बोर्ड ने उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी क्योंकि उन्हें लगा कि इससे उनके इंटरनेशनल मैचों में खेलने पर जोखिम हो सकता है।
बीसीबी के क्रिकेट ऑपरेशन इंचार्ज शहरियार नफीस ने बताया, "शोरिफुल के वर्कलोड और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों को देखते हुए उन्हें एनओसी नहीं दिया गया, क्योंकि अगले तीन महीनों में हमें पांच टेस्ट, सात टी-20 और छह वनडे मैच खेलने हैं।"उन्होंने कहा, "शोरिफुल ऐसे खिलाड़ी हैं जो सभी फॉर्मेट में खेलते हैं। साथ ही, वह अभी-अभी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर लौटे हैं। इसलिए अगर हम उन्हें 4 काउंटी मैचों के लिए एनओसी देते हैं, तो उनके शरीर पर जो दबाव पड़ेगा, उसे देखते हुए हमें चिंता है कि वह उन सभी (इंटरनेशनल) मैचों के लिए पूरी तरह फिट नहीं रह पाएंगे।"उन्होंने कहा, "इसीलिए टीम प्रबंधन और चिकित्सा विभाग को लगता है कि उनके लिए खेलने के बजाय प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए फिट और तैयार रहना अधिक जरूरी है।"नफीस ने आगे बताया कि केंट की तरफ़ से संपर्क किए जाने के बाद उन्होंने एक और तेज़ गेंदबाज़, खालिद अहमद को काउंटी में खेलने के लिए एनओसी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित