अहमदाबाद , फरवरी 16 -- सांसद शोभनाबेन बारैया, सांसद मयंक नायक, सांसद रमीलाबेन बारा और पूर्व सांसद दीपसिंह राठोड ने सोमवार को पश्चिम रेलवे के हिम्मतनगर स्टेशन परउदयपुर-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 26964 असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी से प्रतिदिन (मंगलवार को छोड़कर) असारवा से 1745 बजे प्रस्थान कर 2200 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी और ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी से प्रतिदिन (मंगलवार को छोड़कर) उदयपुर सिटी से 0610 बजे प्रस्थान कर 1025 बजे असारवा पहुंचेगी।
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर एवं जावर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी चेयर कार एवं एक्जीक्यूटिव चेयर कार सहित कुल आठ कोच रहेंगे।
उन्होंने बताया कि असारवा स्टेशन पर भी आज आयोजित कार्यक्रम में महापौर, अहमदाबाद प्रतिभाबेन जैन, सांसद दिनेशभाई मकवाना तथा सांसद (राज्यसभा) नरहरि अमीन ने उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत किया।
श्री दिनेशभाई मकवाना ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार और भारतीय रेल गुजरात में ट्रेन सेवाओं और रेलवे अवसंरचना को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं। वर्तमान में गुजरात में 1,28,748 करोड़ रुपये के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं और इस वर्ष के बजट में राज्य को रिकॉर्ड 17,366 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। गुजरात के 87 स्टेशनों का पुनर्विकास विश्व-स्तरीय रेलवे स्टेशनों के रूप में किया जा रहा है, जिनमें से 19 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है। यह दर्शाता है कि गुजरात देश के रेलवे आधुनिकीकरण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
श्री नरहरि अमीन ने इस मौके पर बताया कि गुजरात से बहुत से लोग शादी के लिए सामूहिक रूप से उदयपुर जाते है उनके के लिए यह ट्रेन वरदान स्वरूप है जो चार से सवा चार घंटे में असारवा से उदयपुर पहुंचाती है। यह ट्रेन अत्याधुनिक एवं सड़क मार्ग की अपेक्षा ज्यादा सुरक्षित व आरामदायक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित