दरभंगा , जुलाई 13 -- ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान का समग्र विकास गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना, आधुनिक संसाधनों तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण पर आधारित होता है।सोमवार को विश्वविद्यालय के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में नवनिर्मित अधोसंरचनाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि यह संस्थान छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, नवाचारी और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि नई अधोसंरचनाओं से छात्राओं के शैक्षणिक, तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण को और मजबूती मिलेगी तथा संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार विधानसभा के सचेतक एवं जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक प्रो. बिनय कुमार चौधरी ने कहा कि महिला शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का सशक्तीकरण राज्य तथा समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से दक्ष एवं आत्मनिर्भर छात्राएं भविष्य के विकसित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने संस्थान की प्रगति की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संस्थान के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने स्वागत भाषण में संस्थान की उपलब्धियों, विकास योजनाओं तथा नवविकसित अधोसंरचनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी एवं विधायक प्रो. बिनय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से संस्थान की नवनिर्मित अधोसंरचनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने परिसर का भ्रमण कर नवविकसित सुविधाओं का निरीक्षण किया और संस्थान में किए गए विकास कार्यों की सराहना की।

समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, पदाधिकारी, कर्मचारी, छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन उप कुलसचिव डॉ. प्रियंका राय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित