देहरादून , मार्च 22 -- उत्तराखंड के देहरादून स्थित लोक भवन में कैबिनेट मंत्री के रूप में मदन कौशिक ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद कहा कि जितना समय है, उसमें पूरी ताकत और हिम्मत के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम किए जाएंगे।

शपथ के उपरांत मदन कौशिक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जब कभी भी पार्टी ने उन्हें एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन या फिर सरकार में जिम्मेदारी सौंपी है। उस जिम्मेदारी का निर्वहन उन्होंने एक कार्यकर्ता के रूप में प्राथमिकता के आधार पर किया है।

एक बार फिर से उन्हें मंत्री के रूप मे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जितना समय है, उसमें पूरी ताकत और हिम्मत के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम किए जाएंगे।

आज लोग भवन में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

नए मंत्रियों के रूप में राजपुर रोड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक खजान दास, भीमताल से राम सिंह कैड़ा, हरिद्वार से मदन कौशिक और रुड़की से प्रदीप बत्रा के साथ रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है।

राज्यपाल ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अब धामी मंत्रिमंडल में मित्रों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित