सिरसा , जुलाई 14 -- हरियाणा के सिरसा के गांव जोगेवाला निवासी दलित युवक जगजीत सिंह पर हुए हमले के मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को जनता अधिकार मोर्चा के नेतृत्व में हरियाणा और पंजाब के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डबवाली पुलिस के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
प्रदेश प्रभारी करनैल सिंह ओढ़ा और बाबा सर्वजीत सिंह तलवंडी की अगुवाई में सैकड़ों लोग अनाज मंडी में एकत्रित हुए। इसके बाद एसपी कार्यालय की ओर रोष मार्च निकाला गया, लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
बैरिकेड पर रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गये। उन्होंने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की। कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक ललित कुमार ने कहा कि मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शेष आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पीड़ित पक्ष किसी अन्य अधिकारी से जांच कराना चाहता है तो पुलिस निष्पक्ष जांच के लिए भी तैयार है।
जनता अधिकार मोर्चा के प्रदेश प्रभारी करनैल सिंह ओढ़ा ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन हजारों लोगों के साथ बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी मामले को लेकर जनता अधिकार मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डबवाली में डीएसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शन में प्रेम कनवाडिया (हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय रैगर महासभा), जसविंदर सिंह ओढ़ा, निक्का सिंह एमसी, अमरनाथ बागड़ी, सुरेंद्र टोनी, शिवजीराम बागड़ी, कुलविंद्र सिंह, जगतार सिंह, गोपीराम, मानू सिंह बावरिया, गुरदित्ता सिंह, मनप्रीत सिंह ओढ़ा सहित विभिन्न गांवों और शहरों से पहुंचे सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित