श्रीनगर , सितंबर 08 -- नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उपाध्यक्ष व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, वरिष्ठ पार्टी नेताओं, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पार्टी के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने श्री शेख अब्दुल्ला की पत्नी श्री मति बेगम अकबर जहां की मजार पर भी फूल चढ़ाये और फातिहा पढ़ा।

शेख अब्दुल्ला को श्रद्धांजलि देते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि उनकी पुण्यतिथि जम्मू-कश्मीर के शोषित और वंचित लोगों को सामंती व्यवस्था को चुनौती देने तथा सम्मान, राजनीतिक स्वायत्तता, सामाजिक न्याय व आर्थिक समानता हासिल करने के लिए प्रेरित करने में उनकी 'क्रांतिकारी भूमिका' की याद दिलाती है।

नेताओं ने कहा कि 'शेर-ए-कश्मीर' के नाम से मशहूर श्री शेख अब्दुल्ला ने अपना जीवन लोगों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने जनता के मन में यह विश्वास जगाया कि वही सत्ता का असली स्रोत है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका दृष्टिकोण केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि एक 'जीवंत विचारधारा' है। यह विचारधारा अपने अधिकारों, पहचान और सम्मान के लिए आवाज उठाने वाले लोगों के बीच आज भी गूंजती है।

44 साल पहले श्री शेख अब्दुल्ला के जनाजे में उमड़ी विशाल जनसमूह को याद करते हुए नेताओं ने कहा कि लोगों का वह दुख-दर्द जम्मू-कश्मीर की जनता और उनके नेता के बीच के गहरे रिश्ते को दर्शाता है।

नेताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इस समय अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित