अलवर , अगस्त 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शेरपुर के जंगल में मंगलवार देर शाम करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना का पता परिजनों को बुधवार सुबह करीब नौ बजे चला। सूचना मिलने पर नौगांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव रामगढ़ के जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। दोपहर बाद परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान महेंद्र निवासी शकरपुरी, नंगला झिरका, फिरोजपुर के रूप में हुई है। मृतक के भाई ओमप्रकाश के अनुसार महेंद्र पिछले करीब एक महीने से मोहम्मदपुर गांव के पास शेरपुर के जंगल में झोपड़ी डालकर पशुओं से संबंधित काम कर रहा था। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपने दोस्तों के लिए झोंपड़ी पर खाना लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लगी करंट की तारबंदी की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि जंगल में जंगली जानवरों से बचाव के लिए करंट की तारबंदी की गई थी। परिजनों का दावा है कि तारों में 11 हजार केवी का करंट प्रवाहित हो रहा था। हादसे के बाद परिवार ने आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित