राजनांदगांव , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जिसका खुलासा आज पुलिस ने किया । एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को राजनांदगांव कोतवाली पुलिस ने जांजगीर-चांपा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
कोतवाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रकाश सिन्हा (32 वर्ष) ने उसे शेयर मार्केट में निवेश कर एक साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग तारीखों में कुल 15 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। तय समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही कोई लाभ, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
शिकायत पर मामला दर्ज कर थाना प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना स्थान बदलता रहा और कभी बैंगलोर, कभी रायपुर और बिलासपुर में छिपा रहा।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी प्रकाश सिन्हा, पिता पुनारद सिन्हा, निवासी वुड आयलैंड सोसायटी, महादेव घाट, अमलेश्वर है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एचडीएफसी बैंक का एक चेक भी जब्त किया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शम्भू नाथ द्विवेदी, आरक्षक प्रयांश सिंह, पुराण वर्मा तथा महिला आरक्षक माहेश्वरी कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शेयर मार्केट या किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। कम समय में रकम दोगुनी करने के लालच से बचें, अन्यथा ठगी का शिकार हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित