मुंबई , मई 26 -- पिछले कारोबारी दिवस की जबरदस्त तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को प्रमुख सूचकांक गिरावट में खुले, लेकिन बाद में हरे निशान में पहुंच गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 264.82 अंक के नीचे 76,224.14 अंक पर खुला। हालांकि कुछ देर बाद यह हरे निशान में पहुंचने में कामयाब रहा और खबर लिखे जाते समय 47.07 अंक (0.06 प्रतिशत) ऊपर 76,536.03 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 27.60 अंक गिरकर 24,004.10 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 32.75 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,064.45 अंक पर रहा।
बैंकिंग, धातु, मीडिया, आईटी, रसायन और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक ऊपर चल रहे हैं जबकि स्वास्थ्य, फार्मा, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और एफएमसीजी सेक्टरों में गिरावट है।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल, अडानी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस और मारुति सुजुकी के शेयरों में लिवाली का जोर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित