नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को उतार-चढ़ाव देखा गया हालांकि अंत में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सपाट बंद हुआ।

सेंसेक्स सुबह 163 अंक चढ़कर 77,701.07 अंक पर खुला। बीच कारोबार में यह ऊपर 77,725 अंक और नीचे 77,446 अंक तक गया। अंत में 3.11 अंक की बढ़त में 77,540.83 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 20.15 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,252 अंक पर रहा। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक मजबूत बंद हुए थे।

वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.11 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.69 प्रतिशत मजबूत हुए।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी बैंकिंग और निफ्टी वित्त हरे निशान में रहे। एफएमसीजी, ऑटो, आईटी, मीडिया और रसायन समूहों में गिरावट देखी गयी।

एनएसई में जिन 3,644 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,884 के शेयर हरे निशान में और 1,630 के लाल निशान में रहे। अन्य 130 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 14 के शेयरों में तेजी रही। पावरग्रिड का शेयर 2.66 फीसदी मजबूत हुआ। बीईएल का शेयर 1.17 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक का 1.08 प्रतिशत चढ़ा। एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और टाइटन के शेयरों में भी तेजी रही।

नुकसान उठाने वालों में ट्रेंट का शेयर 1.53 प्रतिशत और मारुति सुजुकी का 1.51 प्रतिशत फिसल गया। इंडिगो में 1.35 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.21, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.96 और इंफोसिस में 0.90 प्रतिशत की गिरावट रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और एक्सिस बैंक में भी गिरावट रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित