मुंबई , अगस्त 28 -- आईटी सेक्टर में लिवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 331 अंक की तेजी में बंद हुआ।
पिछले दो दिन की गिरावट से उबरता हुआ सेंसेक्स आज 330.92 अंक (0.43 प्रतिशत) चढ़कर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त में 24,175.65 अंक पर पहुंच गया।
वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.24 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.20 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
आईटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली देखी गयी। निफ्टी आईटी सूचकांक 3.51 प्रतिशत उछल गया। धातु, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में भी अच्छी तेजी रही। एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में गिरावट देखी गयी।
सेंसेक्स में बढ़त में रहने वाली शीर्ष चार कंपनियां आईटी सेक्टर की ही रहीं। टीसीएस का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। इंफोसिस तथा टेक महिंद्रा में तीन प्रतिशत से अधिक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में ढाई प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही।
टाइटन, इटरनल, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और सन फार्मा के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुए। एनटीपीसी, ट्रेंट, पावरग्रिड और बीईएल के शेयर भी हरे निशान में रहे।
आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स के शेयर 1.06 प्रतिशत से ज्यादा टूट गये। आईटीसी और मारुति सुजुकी में भी गिरावट रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित