मुंबई , जून 18 -- अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की मुख्य बातें सामने आने के बाद घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार पांचवें दिन तेजी देखी गयी।

अमेरिका ने ईरान के साथ सहमति पत्र की मुख्य बातें सार्वजनिक की हैं। इसमें 60 दिन के भीतर प्रस्तावित अंतिम समझौते से पहले ही होर्मुज जलडमरूमध्य को वाणिज्यिक जहाजों के लिए खोलने की बात भी शामिल है। इससे निवेशकों में उत्साह दिखा।

बीएसई का सेंसेक्स 254.36 अंक (0.33 प्रतिशत) चढ़कर कारोबार की समाप्ति पर 77,409.98 अंक पर पहुंच गया। यह 07 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 82.30 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,168 अंक पर बंद हुआ। यह 08 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।

वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.32 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.44 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटी सेक्टर दबाव में रहा। निफ्टी आईटी सूचकांक 1.19 प्रतिशत टूट गया। स्वास्थ्य, फार्मा, वित्त, बैंकिंग, रियल्टी, मीडिया और रसायन समूहों में लिवाली का जोर रहा।सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर पौने तीन फीसदी, ट्रेंट का ढाई फीसदी और बीईएल का दो फीसदी ऊपर बंद हुआ। एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े।

हिंदुस्तान यूनीलिवर, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा और बजाज फिनसर्व के शेयर भी ऊपर बंद हुए। इंफोसिस का शेयर ढाई प्रतिशत से अधिक टूट गया। टेक महिंद्रा और मारुति सुजुकी में एक फीसदी से अधिक की गिरावट रही। टीसीएस एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी लाल निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित