मुंबई , अप्रैल 23 -- ऑटो, बैंकिंग और आईटी सेक्टरों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरी गिरावट देख गयी और बीएसई का सेंसेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया।

सेंसेक्स 852.49 अंक (1.09 प्रतिशत) टूटकर 77,664 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 205.05 अंक यानी 0.84 प्रतिशत नीचे 24,173.05 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 13 अप्रैल के बाद 10 दिन का निचला स्तर है।

सुबह के कारोबार में छोटी कंपनियों में लिवाली थी, लेकिन बाद में वहां भी बिकवाली हावी हो गयी। वृहद बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.71 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.67 प्रतिशत नीचे रहा।

ऑटो, बैंकिंग, वित्त, आईटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों पर सबसे ज्यादा दबाव रहा। धातु और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। वहीं, फार्मा, स्वास्थ्य और मीडिया समूहों में लिवाली का जोर रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट का शेयर करीब सवा चार फीसदी टूटा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में सवा तीन प्रतिशत, बजाज फिनसर्व तथा टेक महिंद्रा में करीब तीन फीसदी और इंफोसिस में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित