मुंबई , अप्रैल 06 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखने को मिली और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए।बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 591अंक लुढ़कने के बाद दोपहर बाद हुई लिवाली से 787.30 अंक (1.07 प्रतिशत) चढ़कर 74,106.85 अंक पर रहा। यह 25 मार्च के बाद पहली बार 74 हजार अंक से ऊपर बंद हुआ है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 255.15 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त में 22,968.25 अंक पर बंद हुआ। यह इसका भी 25 मार्च के बाद का उच्चतम बंद स्तर है।

रुपये में जारी तेजी और सेवा क्षेत्र के पीएमआई के सकारात्मक आंकड़े आने से घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई है।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.55 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.29 फीसदी ऊपर रहा।

तेल एवं गैस और मीडिया समूहों को छोड़कर सभी सेक्टरों में लिवाली हावी रही। बैंकिंग, वित्त, रियलटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। ऑटो, धातु, एफएमसीजी और आईटी समूहों में भी अच्छी तेजी रही।

एनएसई में कुल 3,346 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,511 के शेयर बढ़त में और 746 के नुकसान में बंद हुए। अन्य 89 कंपनियों के शेयर अंत में अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 28 के शेयर हरे निशान में बंद हुए। ट्रेंट में सबसे अधिक 7.89 प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक का शेयर 3.94 फीसदी, टाइटन का 3.58, एलएंडटी का 3.19, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.06, बजाज फाइनेंस का 2.93, इंडिगो का 2.75, एचडीएफसी बैंक का 2.68 और बजाज फिनसर्व का दो प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

पावरग्रिड का शेयर 1.83 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.71, बीईएल का 1.35, भारतीय स्टेट बैंक का 1.29, आईसीआईसीआई बैंक का 1.25 और टाटा स्टील का 1.06 प्रतिशत मजबूत हुआ। टीसीएस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में रहे।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की शेयर 3.41 प्रतिशत गिर गया।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.55 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट एक प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.70 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.56 प्रतिशत नीचे था, जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.69 प्रतिशत की तेजी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित