मुंबई , अप्रैल 28 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बैंकिंग और आईटी सेक्टरों में बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक गिरावट में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 416.72 अंक (0.54 प्रतिशत) गिरकर 76,886 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 97 अंक यानी 0.40 फीसदी नीचे 23,995.70 अंक पर बंद हुआ।
डॉलर की तुलना में रुपये में 53 पैसे की गिरावट से भी निवेश धारणा प्रभावित हुई है। रुपया आज 94.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो 30 मार्च के बाद का निचला स्तर है।
बड़ी कंपनियों के विपरीत छोटी और मझौली कंपनियों के सूचकांकों में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.42 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
बैंकिंग, वित्त, आईटी और ऑटो सेक्टरों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। तेल एवं गैस, धातु और रसायन समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे।
एनएसई में आज 3,378 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,783 के शेयर टूट गये जबकि 1,490 में बढ़त रही। अन्य 105 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर 2.65 प्रतिशत गिर गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.64 प्रतिशत, इंडिगो में 2.59 प्रतिशत और मारुति सुजुकी में 2.53 प्रतिशत की गिरावट रही।
भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 1.88 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक का 1.77, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.69, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.64 और इंफोसिस का 1.48 प्रतिशत टूट गया। एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, इटरनल, पावरग्रिड, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एलएंडटी के शेयर भी लाल निशान में रहे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे अधिक 1.68 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल का शेयर 1.43 फीसदी और टेक महिंद्रा का 0.95 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। सन फार्मा, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त में रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित