मुंबई , जनवरी 20 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को हुई भारी बिकवाली के कारण निवेशकों को 9,43,793 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

कारोबार की समाप्ति पर घरेलू कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (एमकैप) घटकर 4,55,76,004 करोड़ रुपये रह गया जो 30 सितंबर 2025 के बाद का निचला स्तर है। यह सोमवार को 4,65,19,797 करोड़ रुपये था। इस प्रकार बाजार पूंजीकरण में 9,43,793 करोड़ रुपये की गिरावट आयी है।

कुल एमकैप लगातार तीसरे दिन घटा है।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 1065.71 अंक (1.28 प्रतिशत) गिरकर 82,180.47 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की निफ्टी-50 सूचकांक भी 353 अंक टूटकर 25,232.50 अंक पर आ गया। प्रमुख सूचकांकों से ज्यादा गिरावट मझौली और छोटी कंपनियों में देखी गयी।

अकेले शीर्ष 10 कंपनियों का सम्मिलित बाजार पूंजीकरण मंगलवार को 1,04,670 करोड़ रुपये घटकर 98,71,067 करोड़ रुपये रह गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित