मुंबई , जनवरी 30 -- एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीन दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को प्रमुख सूचकांक गिरावट में बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 296.59 अंक (0.36 प्रतिशत) गिरकर 82,269.78 अंक पर रहा। सुबह 619 अंक नीचे खुलने के बाद सूचकांक पूरे दिन लाल निशान में रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 98.25 अंक यानी 0.39 प्रतिशत टूटकर 25,320.65 अंक पर बंद हुआ।

मझौली कंपनियों में भी बिकवाली का जोर रहा जबकि छोटी कंपनियों में लिवाली ज्यादा देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.32 प्रतिशत मजबूत हुआ।

निफ्टी धातु सूचकांक में 5.21 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट रही। आईटी, वित्तीय सेवाओं और निजी बैंकिंग समूहों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। एफएमसीजी, रियलटी, ऑटो, मीडिया, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांकों में मजबूती रही।

एनएसई में जिन 3,258 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,827 के शेयर हरे निशान में और 1,318 के लाल निशान में रहे। अन्य 113 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 में से 15 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा स्टील में 4.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.10 प्रतिशत, पावरग्रिड का 1.61, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.55, टेक महिंद्रा का 1.39, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.05 और इंफोसिस का 1.04 प्रतिशत टूट गया। ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, एनटीपीसी, इटरनल, इंडिगो और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाल निशान में रहे।

महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 1.38 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक का 1.23, आईटीसी का 1.11, बीईएल का 1.01 और टाइटन का 0.99 प्रतिशत मजबूत हुआ। हिंदुस्तान यूनीलिवर, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक और सनफार्मा के शेयर भी हरे निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 2.08 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.96 फीसदी और जापान का निक्केई 0.10 फीसदी टूटा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.01 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.51 प्रतिशत ऊपर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित