मुंबई , अप्रैल 07 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी देखी गयी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक करीब दो सप्ताह के बाद 23 हजार अंक के पार बंद हुआ।
शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में तेजी लौट आयी। सुबह के कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स एक समय 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया था, लेकिन दोपहर बाद कम कीमत पर हुई लिवाली से यह हरे निशान में लौट गया। सेंसेक्स अंत में 509.73 अंक (0.69 प्रतिशत) चढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी-50 सूचकांक भी 155.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त में 23,123.65 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 25 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।
मझौली कंपनियों में तेजी रही जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.43 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.06 प्रतिशत फिसल गया।
आईटी कंपनियों में दोपहर बाद लिवाली तेज होने से बाजार को समर्थन मिला। धातु, रियलटी, एफएमसीजी, निजी बैंकों और मीडिया कंपनियों के समूहों में भी तेजी रही। वहीं, सार्वजनिक बैंक और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह गिरावट में रहे।
एनएसई में जिन 3,314 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,082 के शेयरों में तेजी रही जबकि 1,147 कंपनियों के शेयर टूट गये। अन्य 85 कंपनियों के शेयर अंत में अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर हरे निशान में रहे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 2.77 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। टीसीएस में 2.68 फीसदी, इंफोसिस में 2.60, भारती एयरटेल में 2.22, टेक महिंद्रा में 1.58, सनफार्मा में 1.43, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.30, आईटीसी में 1.27, आईसीआईसीआई बैंक में 1.21 और टाटा स्टील में 0.99 प्रतिशत की तेजी रही।
मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयर भी बढ़त में बंद हुए।
इंडिगो, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन के शेयर गिरावट में रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित