मुंबई , अप्रैल 17 -- घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को चौतरफा लिवाली के बीच बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की बढ़त पर बंद हुआ।
सेंसेक्स 504.86 अंक (0.65 प्रतिशत) चढ़कर 78,493.54 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार की समाप्ति पर 24,353.55 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का गत 06 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।
छोटी और मझौली कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.25 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.27 प्रतिशत ऊपर बंद हुए।
आईटी की 0.02 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में लिवाली हावी रही। एफएमसीजी का सूचकांक 2.65 प्रतिशत चढ़ गया। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु, मीडिया, तेल एवं गैस और रियलटी समूहों में भी अच्छी तेजी रही।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर हरे निशान में रहे। हिंदुस्तान यूनीलिवर में सबसे अधिक 4.75 प्रतिशत का उछाल देखा गया। पावरग्रिड में 1.86 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.61, बीईएल में 1.56, अडानी पोर्ट्स में 1.53, टाइटन में 1.46, टेक महिंद्रा में 1.41, भारतीय स्टेट बैंक में 1.20, आईटीसी में 1.10 और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.08 प्रतिशत की तेजी रही।
एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, इंडिगो, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
सनफार्मा का शेयर 1.06 प्रतिशत टूट गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एलएंडटी में भी गिरावट देखी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित