मुंबई , अप्रैल 10 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर एक महीने के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 918.60 अंक (1.20 प्रतिशत) चढ़कर 77,550.25 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की बढ़त में 24,050.60 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 10 मार्च के बाद का उच्चतम बंद स्तर है।
अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी युद्ध विराम के लिए पाकिस्तान में प्रस्तावित वार्ता से बाजार में निवेश धारणा को मजबूती मिली है।
चौतरफा लिवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा पैसा लगाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.27 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.65 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
आईटी की 1.91 फीसदी की गिरावट को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। ऑटो में सबसे अधिक 2.85 प्रतिशत की तेजी रही। बैंकिंग, वित्त और रियलटी सेक्टरों के सूचकांक भी दो प्रतिशत चढ़े।
एनएसई में कुल 3,342 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,666 के शेयर बढ़त में और 575 के गिरावट में रहे। अन्य 101 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर हरे निशान में बंद हुए। एशियन पेंट्स का शेयर सबसे अधिक 3.97 प्रतिशत चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक में 3.22 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.98, एक्सिस बैंक में 2.49, भारतीय स्टेट बैंक में 2.48, इंडिगो में 2.42, बजाज फिनसर्व में 2.35 और बजाज फाइनेंस में 2.30 प्रतिशत की तेजी रही।
अडानी पोर्ट्स का शेयर 1.92 फीसदी, ट्रेंट का 1.80, एचडीएफसी बैंक का 1.65, एलएंडटी का 1.61, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.56, पावरग्रिड का 1.49, टाइटन का 1.47, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.29, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.03 और इटरनल का 0.99 प्रतिशत मजबूत हुआ। मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, बीईएल, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित