मुंबई , जनवरी 12 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500 अंक से अधिक टूट गया।

धातु और एफएमसीजी को छोड़कर सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। फार्मा, स्वास्थ्य, रियलिटी, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और बैंकिंग के साथ आईटी और ऑटो समूहों के सूचकांक भी गिरावट में हैं।

इस बीच, रुपया आज भी दबाव में है और फिलहाल पांच पैसे उतरकर 90.23 रुपये प्रति डॉलर पर है।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 140.93 अंक की गिरावट में 83,435.31 अंक पर खुला और 533 अंक लुढ़क गया। खबर लिखे जाते समय यह पिछले दिवस के मुकाबले 396.57 अंक (0.47 प्रतिशत) नीचे 83,179.67 अंक पर था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 93 अंक टूटकर 25,590.30 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 130.55 अंक यानी 0.51 प्रतिशत उतरकर 25,552.75 अंक पर रहा।

पिछले सप्ताह भी सभी पांचों दिन बाजार में गिरावट रही थी और दोनों प्रमुख सूचकांक सप्ताह के दौरान करीब 2.5 प्रतिशत टूट गये थे।

मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक शुरू से ही लाल निशान में हैं जो वृहद बाजार में नकारात्मक निवेश धारणा की ओर संकेत करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित