मुंबई , सितंबर 03 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 417 अंक टूट गया।
सेंसेक्स में शुरुआती बढ़त रही। एक समय यह पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 354 अंक चढ़कर 76,924 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि आखिरी एक घंटे में दिग्गज कंपनियों में हुई बिकवाली से सूचकांक 417.49 अंक (0.55 प्रतिशत) नीचे 76,152.86 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 23,873.45 अंक पर बंद हुआ।
विदेशों में आज मिश्रित रुख रहा, लेकिन घरेलू स्तर पर दिग्गज कंपनियों में मुनाफावसूली को जोर देखा गया। विशेष रूप से आईटी, एफएमसीजी, ऑटो, स्वास्थ्य और फार्मा कंपनियों में बिकवाली हुई। बैंकिंग, वित्त, रियल्टी, मीडिया और रासायनिक सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही।
वृहत बाजार में अधिकतर सूचकांक हरे निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.20 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन का शेयर दो प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। ट्रेंट, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, इंडिगो और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच टूटे। इंफोसिस, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में भी गिरावट रही।
वहीं, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर ऊपर रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित