मुंबई , अप्रैल 23 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरी गिरावट देख गयी जिसमें ऑटो, बैंकिंग और आईटी सेक्टरों में बिकवाली का मुख्य योगदान रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 852.49 अंक (1.09 प्रतिशत) टूटकर 77,664 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 205.05 अंक यानी 0.84 प्रतिशत नीचे 24,173.05 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 13 अप्रैल के बाद का निचला स्तर है।
सुबह के कारोबार में छोटी कंपनियों में लिवाली थी, लेकिन बाद में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.71 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.67 प्रतिशत नीचे रहा।
ऑटो, बैंकिंग, वित्त, आईटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों पर सबसे ज्यादा दबाव रहा। धातु और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी लाल निशान में बंद हुए। फार्मा, स्वास्थ्य और मीडिया समूहों में लिवाली का जोर रहा।
एनएसई में 3,396 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,036 के शेयर टूट गये और 1,253 कंपनियों में बढ़त रही। अन्य 107 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। ट्रेंट का शेयर सबसे अधिक 4.21 फीसदी टूटा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.30 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 2.90, बजाज फिनसर्व में 2.66 और इंफोसिस में 2.04 प्रतिशत की गिरावट रही।
एचडीएफसी बैंक का शेयर 1.93 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.83, बजाज फाइनेंस का 1.82, इंडिगो का 1.79, एशियन पेंट्स का 1.57, आईसीआईसीआई बैंक का 1.47, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.45, मारुति सुजुकी का 1.38, इटरनल का 1.16 और टाटा स्टील का 0.99 प्रतिशत गिर गया। भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी नीचे बंद हुए।
अडानी पोर्ट्स में सबसे अधिक 0.97 प्रतिशत की तेजी रही। एलएंडटी, सनफार्मा और भारती एयरटेल के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित